सड़क दुर्घटना में घायल हुई उपचाराधीन वीना देवी की हुई मृत्यु
हिमाचल प्रदेश, मण्डी ( प्रकाश शर्मा)जिला मण्डी के सरकाघाट थाना के अंतर्गत गांव सरनोटा के समीप एक सड़क दुर्घटना घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष कुमार पुत्र स्वर्गीय सुख राम, निवासी गांव सरनोटा, अपनी कार (Alto HP33B-4730) में अपनी माता वीना देवी, मासी भागो देवी तथा पत्नी चंचला देवी के साथ जा रहा था।
गांव सरनोटा से लगभग 300 मीटर आगे लिंक रोड की चढ़ाई पर वाहन अचानक बंद हो गया। चालक द्वारा पुनः वाहन स्टार्ट करने का प्रयास किया गया, परंतु वाहन नियंत्रण से बाहर होकर पीछे की ओर लुढ़कता हुआ मुख्य सड़क को पार कर लगभग 20-22 फुट नीचे खाई में गिर गया।
इस दुर्घटना में वाहन चालक संतोष कुमार, उसकी माता वीना देवी तथा मासी भागो देवी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को उपचार हेतु रिवालसर अस्पताल ले जाया गया, जहां से वीना देवी तथा भागो देवी को मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। उपचार के दौरान वीना देवी की मृत्यु हो गई, जबकि भागो देवी को आगे उपचार हेतु AIIMS बिलासपुर भेजा गया है।
प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन चालक की असावधानी एवं लापरवाही पाया गया है। इस संबंध में थाना सरकाघाट में मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नेरचौक में करवाया जाकर शव अंतिम संस्कार हेतू परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a), 106 के अंतर्गत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
No comments:
Post a Comment