अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज
हिमाचल प्रदेश/मंडी।
(कमल जीत शीमार ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो) :
* जिला परिषद, बीडीसी और पंचायतों में दर्ज की मजबूत मौजूदगी, कई पदों पर उम्मीदवार विजयी।
हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादकों के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन कर रही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)] को स्थानीय निकाय चुनावों में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
पार्टी ने जिला परिषद चुनावों में तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जिनमें मंडी जिले की दो और बिलासपुर जिले की एक सीट शामिल है। इसके अलावा CPI(M) समर्थित उम्मीदवारों ने पंचायत स्तर पर भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए नौ पंचायतों में प्रधान और दस पंचायतों में उपप्रधान पद हासिल किए हैं।
शिमला जिले में पार्टी को विशेष सफलता मिली, जहां चार पंचायतों में प्रधान और चार पंचायतों में उपप्रधान पद पर CPI(M) उम्मीदवार निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, ब्लॉक विकास समिति (BDC) चुनावों में भी पार्टी ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए नौ उम्मीदवारों को विजयी बनाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सेब किसानों, बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी द्वारा किए गए लगातार जनआंदोलनों का असर चुनावी परिणामों में दिखाई दिया है। स्थानीय निकाय चुनावों में मिली यह सफलता आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए CPI(M) के मनोबल को बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
No comments:
Post a Comment