NH-305 की मरम्मत को लेकर प्रशासन सख्त, 30 अप्रैल तक कार्य पूरा करने के निर्देश - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।

Followers

Breaking News

    Tuesday, April 7, 2026

    NH-305 की मरम्मत को लेकर प्रशासन सख्त, 30 अप्रैल तक कार्य पूरा करने के निर्देश

     📰 अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ 

    7अप्रैल,कुल्लू



    जिला कुल्लू में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 की खराब स्थिति को सुधारने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने मंगलवार को संबंधित विभागों और जीभी वैली पर्यटन विकास एसोसिएशन के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

    उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सभी क्षतिग्रस्त स्थलों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए सड़क के जीर्णोद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करना आवश्यक है। इसके लिए स्थानीय लोगों, विभागों और ठेकेदारों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

    बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के कार्य को तीन चरणों में विभाजित किया गया है, जिसमें औट-बंजार और बंजार-घीयागी क्षेत्र सबसे अधिक संवेदनशील हैं। औट-बंजार खंड में 21 किलोमीटर तक टनल क्षेत्र में पैचवर्क का कार्य अवार्ड हो चुका है और सोलिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। मौसम अनुकूल होते ही टारिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही, बिटूमिन की कमी के कारण कार्य में देरी की बात भी सामने आई, जिसकी आपूर्ति होते ही कार्य तेज किया जाएगा।

    उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्तृत कार्य योजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए और अगले सप्ताह से कार्य शुरू कर 30 अप्रैल तक इसे पूर्ण किया जाए। बंजार-घीयागी मार्ग के लिए 5 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से कार्य आवंटित किया गया है।

    उन्होंने कहा कि कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए यातायात के लिए समय स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे, ताकि मरम्मत कार्य और यातायात दोनों बिना बाधा के संचालित हो सकें। साथ ही पर्यटक वाहनों की आवाजाही पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।

    उपायुक्त ने सभी विभागों और स्थानीय संगठनों को एक समन्वय समूह बनाकर नियमित रूप से कार्य की प्रगति साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ दैनिक कार्य योजना साझा करने और औट से घीयागी के बीच तंग मार्गों को नो पार्किंग जोन घोषित करने की भी बात कही।

    इस बैठक में अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्विनी कुमार, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी, एनएच-305 के एसडीओ टहल सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी सहित जीभी वैली पर्यटन विकास एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन किशन, ललित ठाकुर, जगदीश ठाकुर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    No comments:

    Post a Comment